Armed Forces Flag Day : देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और सहायता करने का दिन
Armed Forces Flag Day : 7 दिसंबर को हर साल सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के योगदान और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है।

Armed Forces Flag Day: सन् 1949 से, 7 दिसंबर को पूरे देश में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है ताकि शहीदों और वर्दी में उन लोगों को सम्मानित किया जा सके जिन्होंने देश के सम्मान की रक्षा के लिए देश की सीमाओं पर बहादुरी से दुश्मनों का मुकाबला किया और अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। सैनिक राष्ट्र के संरक्षक होते हैं तथा किसी भी कीमत पर नागरिकों की रक्षा करते हैं। अपने कर्तव्यों को पूरा करने के लिए सैनिकों ने अपने जीवन में बहुत सी चीजों का बलिदान करते हैं। देश हमेशा इन वीर सपूतों के लिए अहसानमंद रहेगा जिन्होनें भारत देश की सेवा में अपना जीवन लगा दिया।
केंद्र तथा राज्य स्तर पर सरकारी सहायता के अलावा यह हमारे देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है कि वह इनकी देखभाल, सहायता, पुनर्वास और वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में स्वैच्छिक योगदान करें। झंडा दिवस देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों, दिव्यांग पूर्व सैनिकों, युद्ध विधवाओं, शहीदों के आश्रितों की देखभाल करने के लिए मदद सुनिश्चित करता है और उनके प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस का मुख्य उद्देश्य भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के योगदान को सम्मानित करना और उनके कल्याण के लिए धन इकट्ठा करना है।
इस दिन भारतीय सशस्त्र इकाइयां, जिसमें भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय नौसेना शामिल हैं, हमारे सेना बलों और कर्मियों की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए कई तरह की गतिविधियों का आयोजन करती हैं। आम जनता स्वयंसेवकों के रूप में साइन अप करके और नकदी, स्टिकर और अन्य सामानों के कलेक्शन में सहायता करके उत्सव में भाग लेती है।
जनता की भागीदारी को बढ़ावा देने और देश की सशस्त्र सेवाओं के योगदान को पहचान दिलाने के लिए कई देशभक्ति गतिविधियों की योजना भी बनाई है। मनी कलेक्शन का मैनेजमेंट भारत में केंद्रीय सैनिक बोर्ड की स्थानीय शाखायें करती हैं, जो रक्षा मंत्रालय की सहायक है। इसकी देखरेख गवर्निंग कमेटी करती है, और आधिकारिक और अनधिकृत दोनों तरह के स्वैच्छिक संगठन इस पर नजर बनाकर रखते हैं।
What's Your Reaction?






