पीएम ने मंत्रियों को ढोली घोड़ा बनाया,मुख्यमंत्री के पास कोई अथॉरिटी ही नहीं -अशोक गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करीब तीन माह के बाद मुख्यमंत्री निवास को खाली कर दिया है। अब उनका नया पता 49, सिविल लाइंस हो चुका है।गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि यह सुनने में आ रहा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री से ज्यादा उप मुख्यमंत्री की चल रही है। सरकार आनन—फानन में फैसले कर रही है।
जयपुर।
नए घर में प्रवेश के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने भजनलाल सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बहुत अच्छे काम किए थे। लेकिन, भाजपा ने झूठ फैला कर गलत प्रचार किया। राजस्थान की सरकार रिमोट कंट्रोल से चल रही है। गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि यह सुनने में आ रहा है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री से ज्यादा उप मुख्यमंत्री की चल रही है। सरकार आनन—फानन में फैसले कर रही है। राजीव गांधी युवा मित्रों को हटाने का निर्णय सरकार का गलत है। उन्होंने कहा कि पांच हजार युवा मित्र बेरोजगार हो चुके हैं। महंगाई को लेकर कोई भी चर्चा नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता को धोखा दे रही है। वहीं, पिछले दिनों गलत ब्लड चढ़ाने के कारण एक युवक की मौत पर भी गहलोत ने दुख जताया और चिकित्सा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाए।
लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार शुरू
गहलोत ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस पार्टी का प्रदेश में नेतृत्व गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कर रहे हैं। टिकट वितरण को लेकर मंथन चल रहा है। जल्द ही टिकटों का वितरण कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं, वे जल्द जाएं। इससे नई पीढ़ी को मौका मिलेगा। हमारी नई पीढ़ी तैयार हो रही है। जो नेता जा रहे हैं, उनकी खाली जगह नई पीढ़ी से भर जाएगी। उन्होंने ऐसे नेताओं के लिए यहां तक कह दिया कि जिन्हें जाना है, वे जल्दी जाएं। ताकि कन्फ्यूजन की स्थिति ना रहे।
ईआरसीपी व यमुना एमओयू के नाम पर किया धोखा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना व यमुना समझौते के नाम पर धोखा किया है। अभी तक एमओयू को सार्वजनिक नहीं किया है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वे इस एमओयू को सार्वजनिक करें ताकि जनता को पता चले कि आखिर समझौते में क्या लिखा गया है। गहलोत ने भाजपा पर एक और निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने गारंटी शब्द हमसे ही चुराया है। भाजपा ने इलेक्ट्रॉल बॉन्ड के नाम पर घोटाला किया है। चंडीगढ़ में महापौर चुनाव सभी के सामने हैं। ऐसे में सवाल यह भी खड़ा हो जाता है कि क्या भविष्य में देश में इसी तरह चुनाव होंगे।
What's Your Reaction?






